Satna News (सतना समाचार) : शादी होने के बाद बड़े ही हर्षोंउल्लास के साथ विदाई की रश्म निभाई गई। इसके बाद दुल्हन ने जो किया वो शायद ही घराती या बराती में से कोई भूल पाएगा। विदाई के बाद दुल्हन ने अपने गाँव से कुछ ही दूर कार रुकवा कर अपने प्रेमी के साथ बाइक पर बैठकर चली गई।
हालाँकि लड़की के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कुछ ही देर में दोनों को पकड़ लिया और एसडीएम के सामने पेश किया। एसडीएम के सामने लड़की ने कहा की वो अपने प्रेमी के साथ ही आगे का जीवन बिताना चाहती है, इसलिए बालिग़ होने के चलते बयान दर्ज करके दोनों पक्षों की मर्ज़ी से दुल्हन अपने प्रेमी के घर चली गई।

यह अजीबो-गरीब वाकया सतना के अहिरगांव का है। 13 दिसंबर को कुशवाहा परिवार में शादी थी, यहां सोमवार शाम गाजे-बाजे के साथ दूल्हा बारात लेकर पहुंचा उसके बाद हिंदू रीति रिवाज के अनुसार शादी की रस्म पूरी की और दुल्हन के साथ सात फेरे लिए। 14 दिसंबर (मंगलवार) को दोपहर दुल्हन की विदाई हुई।
विदाई के बाद दुल्हन दूल्हे संग कार में सवार होकर अपने ससुराल की ओर चल दी। गाँव से लगभग 4 किलोमीटर दूर ही प्रेमी अशोक यादव बाइक पर आया और कार रोकने का इशारा किया। गाँव की बात होने से ड्राइवर ने कार रोक दी। इसके बाद दुल्हन कार से उतर कर अपने प्रेमी के साथ उसकी बाइक पर ही भाग गई।
इस अजीबो-गरीब घटना से हैरान परेशान दूल्हा वापस लड़की के घर आया और सभी को पूरे वाक़या की जानकारी दी। कुछ ही देर बाद दुल्हन के भाई ने सिविल लाइन थाने में शिकायत की। शिकायत सुनकर पुलिस भी भौचक्की रह गई। आनन-फ़ानन में ही पुलिस ने चारों तरफ नाकाबंदी कर दी। देर रात दुल्हन और उसके प्रेमी की मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने दोनों को पकड़ कर थाने ले आई।
सुबह होते ही पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका को एसडीएम के सामने पेश किया। लड़की ने एसडीएम के सामने ही अपना बयान दर्ज कराया और कहा की वो ससुराल और मायके दोनों ही जगह नहीं जाना चाहती, उसने अपने प्रेमी अशोक के साथ ही रहने की बात कही। एसडीएम ने बयान दर्ज करके दोनों पक्षों को समझाया और उसके बाद दुल्हन ने मायके से मिले सारे गहने वापस देकर अपने प्रेमी के साथ चली गई।